कपिल शर्मा का ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है। शो में सात साल बाद सुनील ग्रोवर की वापसी हुई है। इसका पहला एपिसोड भी आ चुका है। कपिल शर्मा के शो के पहले एपिसोड में रणबीर कपूर, नीतू कपूर और उनकी बहन रिद्धिमा कपूर नजर आए। तीनों को शो में खूब मस्ती करते देखा गया।

कपिल के शो पर तीनों ने कई किस्से सुनाए। इसी दौरान रणबीर ने अपने पिता ऋषि कपूर को भी याद किया। एक्टर ने बताया कि कैसे ऋषि कपूर ने एक बार उनकी पिटाई लगा दी थी। वहीं, नीतू ने खुलासा किया कि रणबीर के पेट में कोई बात पचती नहीं है। रिद्धिमा ने बताया कि वह सलमान खान की फैन थीं।

रणबीर ने बताया कि वह अपने कमरे में संजय दत्त का पोस्ट लगाते थे। वहीं अब शो का बिहाइंड द सीन वीडियो रिलीज किया गया है जिसमें रिद्धिमा ने एक मजेदार किस्सा बताया है कि उनकी शादी में सलमान खान बार टेंडर बने थे। और उनकी वजह से शराब जल्दी खत्म हो गई थी।

रिद्धिमा की शादी में बारटेंडर बने थे सलमान खान

दरअसल कपिल शर्मा ने रिद्धिमा से एक सवाल किया कि क्या सलमान खान उनके पति भरत साहनी के साथ उनकी शादी में बारटेंडर बने थे? इसका जवाब देते हुए रिद्धिमा ने कहा कि ‘हां’। इसके बाद नीतू कपूर ने बताया कि “सलमान ने कहा था कि मैं बारटेंडर बनूंगा। इस पर ऋषि जी ने हां हा तू कर ले। सलमान बार टेंडर बन गए और सलमान खान सबको शराब सर्व कर रहे लगे। धीरे धीरे पता चला कि शराब खत्म हो रही है।

खत्म हो गई थी शराब

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि तभी वेटरों ने आकर हमें बताया कि शराब टकीला वगैरह खत्म हो रही है। ऋषि जी ने कहा कि यह कैसे खत्म हुआ। ऋषि जी हैरान थे कि मैं तो इतनी लाया था ये खत्म कैसे हो रही है। तभी हमने देखा कि मेहमान अपनी शराब फेंक रहे थे और सलमान खान से और ले रहे थे। हर कोई ड्रिंक मांगना चाहता था क्योंकि बार के पीछे सलमान खान थे। उसके बाद ऋषि जी वहां गए और सलमान से कहा- यार तू निकल यहां से। तेरे चक्कर में कुछ और ही हो रहा।’