Women’s Day 2024: कहा जाता है कि सिनेमा समाज का आइना होता है। मेकर्स ने इस बात को साबित भी किया है। त्योहार हो या फिर कोई खास दिन, हर मौके को फिल्ममेकर्स और एक्टर्स ने बड़े पर्दे पर बहुत ही संजीदगी से पेश किया है। दर्शकों ने उन्हें पसंद भी किया है। मुद्दा महिलाओं से जुड़ा हो या फिर समाज से कोई भी सिनेमा जगत से अछूता नहीं रहा है। 8 मार्च को हर साल महिला दिवस दुनियाभर में मनाया जाता है। ऐसे में इस मौके पर आपको बॉलीवुड की उन फिल्मों के बारे में बता रहे हैं, जिसमें एक्ट्रेसेस का मजबूत किरदार तो दिखा साथ ही अभिनेत्रियों ने खुद को प्रूव किया कि फिल्में बिना मेल एक्टर्स के भी हिट हो सकती हैं। चलिए बताते हैं उन मूवीज के बारे में…

थप्पड़

तापसी पन्नू स्टारर फिल्म ‘थप्पड़’ को साल 2020 में रिलीज किया गया था। ये घरेलू हिंसा पर आधारित एक महिला की कहानी को दिखाती है, जो एक थप्पड़ की वजह से अपने मान-सम्मान के लिए अकेली लड़ती है। पति-पत्नी की इस कहानी को लोगों ने काफी पसंद किया था। तापसी ने लीड रोल प्ले किया था और उनकी एक्टिंग काबिल-ए-तारीफ रही थी।

फिल्म ‘नीरजा’ में एक ऐसी एयर होस्टस की कहानी को दिखाया गया है, जो आतंकियों से अकेले लड़ जाती है। ये नीरजा भनोट की असल जिंदगी पर आधारित है। फिल्म हिट रही थी। इसका निर्देशन राम माधवानी ने किया था। इसमें सोनम कपूर लीड रोल में थीं।

शकुंतला देवी

विद्या बालन स्टारर फिल्म ‘शकुंतला देवी’ एक बायोग्राफिकल मूवी है। इसकी कहानी मानव कम्प्यूटर शकुंतला देवी के जीवन पर आधारित है। इसे साल 2020 में रिलीज किया गया था।

छपाक

दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म ‘छपाक’ को साल 2020 में रिलीज किया गया था। इसमें एक्ट्रेस ने एक एसिड अटैक सर्वाइवर का रोल प्ले किया था। इसकी कहानी एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित थी। इसमें विक्रांत मैसी ने दीपिका के साथ अहम रोल प्ले किया था।

गंगूबाई काठियावाड़ी

‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ को आलिया भट्ट के करियर की सबसे बेस्ट फिल्म माना जाता है। इसमें उनका अलग अंदाज और एक्टिंग ने सभी का दिल जीत लिया था। इसे 2022 में रिलीज किया गया था। ये एक बायोपिक थी। इसमें गंगू, रेड लाइट एरिया में काम करने वाली महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ती दिखाई देती हैं।

पिंक

अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू और कीर्ति कुल्हारी स्टारर फिल्म ‘पिंक’ 2016 में आई थी। ये एक भारतीय कोर्ट ड्रामा सोशल थ्रिलर फिल्म है। इसका निर्देशन अनिरुद्ध रॉय चौधरी ने किया है।

क्वीन

कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘क्वीन’ में एक ऐसी लड़की की कहानी को दिखाया गया है, जो अपने हनीमून पर अकेले ही चल पड़ती है। वो अपनी एक नई जिंदगी को खोजती है। इसे साल 2014 में रिलीज किया गया था। फिल्म में कंगना रनौत ने लीड रोल प्ले किया था। इसमें उनकी एक्टिंग और अंदाज काफी पसंद किया गया था।